कौशांबी , मई 23 -- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में कोखराज थाना क्षेत्र के रामचौरा गांव में प्रेम प्रसंग के चलते एक प्रेमी युगल ने अलग-अलग स्थानों पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने बताया कि रामचौरा गांव निवासी कुलदीप (20) ने शनिवार को अपने घर के अंदर छत के चुल्ले के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसी गांव की 17 वर्षीय किशोरी ने भी घर के भीतर फांसी लगाकर जान दे दी। स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों के बीच प्रेम संबंध था और परिजनों ने उनके मिलने-जुलने पर रोक लगा रखी थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोखराज थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रभूषण मौर्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित