कौशांबी , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र में शनिवार को डंपर की चपेट में आने से एक प्रेमी-युगल की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि टहेरा गांव निवासी अरविंद कुमार (22) का चित्रकूट जिले के एक गांव की 16 वर्षीय किशोरी से प्रेम संबंध था। किशोरी रिश्तेदारी में थी। बताया गया है कि शनिवार को अरविंद अपनी प्रेमिका को लेकर घर पहुंचा। दोनों को एक साथ देखकर परिजनों ने नाराजगी जताई। इस पर अरविंद प्रेमिका को लेकर घर से निकल गया। उसके पिता भी पीछे-पीछे चल दिए।

गोराजू-चंपहा मार्ग पर गांव के सामने दोनों आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित