कौशांबी , जुलाई 26 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के मूरतगंज विकासखंड के समसपुर कंपोजिट विद्यालय की प्रधानाध्यापिका के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में सहायक अध्यापक को बेसिक शिक्षा अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सूत्रों के अनुसार शनिवार की सुबह विद्यालय समय से विलंब पहुंचने पर सहायक अध्यापक सुजीत कुमार की प्रधानाध्यापिका ममता चौरसिया से विवाद हो गया। आरोप है कि सुजीत कुमार ने प्रधानाध्यापिका के साथ गाली गलौज किया। गाड़ी का जैक निकाल कर मारने के लिए दौड़े। श्रीमती चौरसिया ने इस घटना की जानकारी डायल 112 पुलिस को दी। इसके बाद श्रीमती चौरसिया ने चरवा थाना पहुंचकर अपने साथ घटित मामले के संबंध में लिखित शिकायत दर्द करायी। प्रधानाध्यापिका द्वारा मिली शिकायत को संज्ञान लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी कमलेंद्र कुशवाहा ने खंड शिक्षा अधिकारी को घटना की जांच करने के लिए निर्देशित किया। इसके बाद शनिवार देर शाम जांच रिपोर्ट मिलने पर आरोपी सहायक अध्यापक सुजीत कुमार को बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निलंबित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित