कौशांबी , जून 3 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक अधेड़ का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के मीरापुर गांव निवासी करन सिंह पटेल (55) मंगलवार रात अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। रात के दौरान वह अचानक चारपाई से उठकर कहीं चले गए। जब उनकी पत्नी की नींद खुली तो पति को चारपाई पर न पाकर उन्होंने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।

बुधवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के पास एक पेड़ की डाल से करन सिंह पटेल का शव फांसी के फंदे पर लटकता देखा। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित