कौशांबी , मई 13 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के संदीपन घाट थाना क्षेत्र में पूर्व प्रधान मनोज कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने बुधवार को खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अलामचंद्र गांव निवासी पूर्व प्रधान मनोज कुमार (45) चार मई की सुबह टहलने के लिए निकले थे। गांव के बाहर महेश्वरी प्रसाद इंटर कॉलेज के पास दो बाइकों पर सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल मनोज कुमार को उपचार के लिए प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अगले दिन पांच मई को उनकी मृत्यु हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार को आदमपुर बसेड़ी गांव के पास से सुलखान सिंह तथा उसके साथी नीरज निवासी पट्टी नरवर, थाना संदीपन घाट को हिरासत में लिया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर पूर्व प्रधान की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कट्टा बरामद कर लिया गया है। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित