कौशांबी , अप्रैल 26 -- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के संदीपनघाट थाना क्षेत्र स्थित महंगांव पुलिस चौकी के बाहर खड़े सीज वाहनों में रविवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग जाने से दो कार, एक अप्पे और एक टेंपो जलकर राख हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार चौकी के बाहर जब्त कर खड़े किए गए वाहनों में अचानक आग लग गई, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठते देख लोग घबराकर मौके से दूर हाईवे की ओर चले गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चारों वाहन पूरी तरह जल चुके थे।
इंस्पेक्टर इंद्रदेव ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित