कौशांबी , सितंबर 1 -- कौशांबी जिले के पिपरी थाना क्षेत्र में 31 अगस्त को मोहम्मदपुर मनौरी कस्बा में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण हादसे के शिकार 11 मजदूरों के मामले में वांछित मुख्य आरोपी नौशाद को पुलिस टीम ने मंगलवार भोर में एक सशस्त्र मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार फैक्ट्री हादसे में पुलिस ने मुख्य आरोपी नौशाद सहित छह लोगों के विरुद्ध सोमवार रात अभियोग पंजीकृत किया गया था। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापति द्वारा आरोपियों के गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी शिवांक सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि पटाखा फैक्ट्री विस्फोट का मुख्य अभियुक्त नौशाद सैय्यदसरावां इलाके में है और बाहर भगाने के फिराक में है। पुलिस तत्काल मौके में पहुंच कर नौशाद को गिरफ्तार करती तभी उसने कट्टा से पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दिया। बचाव में पुलिस ने जवाबी फायरिंग किया। गोली नौशाद के पैर में लग गई और वह गिर पड़ा जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस नौशाद से पूछताछ कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित