कौशाम्बी , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले की सराय अकिल पुलिस ने मंगलवार को ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत 15 हजार रूपये के इनामी बदमाश गुलशन त्रिपाठी व विकास दुबे को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पिछली 20 जुलाई को गुलशन त्रिपाठी ने पुरानी रंजिश के चलते कनैली चौराहा पर कट्टा से फायरिंग किया था जिसमें सूरज सिंह सहित तीन लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने सूरज सिंह की तहरीर पर गुलशन त्रिपाठी, भाई रोहित त्रिपाठी और उसके साथी विकास दुबे के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी का प्रयास शुरू किया था।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने हिस्ट्रीशीटर गुलशन त्रिपाठी और उसके भाई रोहित त्रिपाठी की गिरफ्तारी को लेकर 15 -15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया। पुलिस ने घटना के दूसरे दिन अभियुक्त रोहित त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया था जबकि आज सराय अकिल थाना पुलिस टीम ने गुलशन त्रिपाठी और उसके साथी विकास दुबे को गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित