कौशांबी , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र के बौली गांव में बुधवार रात पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला ने अपनी दो बेटियों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। तीनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बौली गांव निवासी अंजू देवी का अपने चचेरे देवर नाई से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद क्षुब्ध होकर अंजू देवी ने रोटी में जहरीला पदार्थ मिलाकर अपनी बेटियों कमला देवी (18) और विमला देवी (16) को खिला दिया और स्वयं भी खा लिया।
कुछ देर बाद तीनों की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल चंपहा बाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस के मुताबिक, चिकित्सकीय देखरेख में तीनों के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित