कौशांबी , मार्च 12 -- कौशांबी जिले में बैंकों के पास भोले-भाले लोगों को सहायता का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के तीन टप्पेबाजों को एसओजी और सैनी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में राजा और वीरेंद्र निवासी न्यू आजाद नगर तथा दीपू उर्फ साजन निवासी पीजेपुर शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने सैनी क्षेत्र के अमृतलाल से 24 फरवरी को 25 हजार रुपये तथा नौ मार्च को सविता देवी से 14 हजार रुपये की ठगी की थी। दोनों पीड़ितों की शिकायत मिलने के बाद मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसओजी और सर्विलांस टीम का गठन किया गया था।
विवेचना के दौरान गुरुवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका गिरोह बैंकों के आसपास कम पढ़े-लिखे और सीधे लोगों को निशाना बनाता है। वे मदद करने का झांसा देकर असली नोटों की गड्डी बदल देते हैं और कागज की गड्डी के ऊपर-नीचे असली नोट लगाकर पीड़ित को थमा देते हैं।
राजेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार टप्पेबाजों के पास से 20 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि गिरोह में कुल पांच सदस्य शामिल हैं और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित