कौशांबी , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बाद एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि फतेहपुर जिले के करीब 26 लोग पिकअप वाहन से प्रयागराज में एक बच्चे का मुंडन संस्कार कराकर वापस लौट रहे थे। शाम करीब 3:30 बजे प्रयागराज-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर डोरमा गांव के पास पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर ट्रक से टकरा गई।
इस हादसे में पिकअप सवार आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 18 अन्य घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल मंझनपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित