कौशांबी , मार्च 26 -- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में कोखराज थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर चोरी के ट्रकों का नंबर बदलकर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रयागराज जिले के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मरियाडीह रसूलपुर गांव निवासी कासिम कोखराज थाना क्षेत्र में एक यार्ड बनाकर चोरी के पुराने ट्रक लाता था। वह ट्रकों के नंबर प्लेट बदलने के साथ चेसिस नंबर में हेरफेर कराता था और प्रयागराज के एआरटीओ कार्यालय से फर्जी कागजात बनवाकर उन्हें ग्राहकों को बेच देता था।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस और एसटीएफ की टीम ने कासिम के यार्ड में छापा मारकर दो ट्रक बरामद किए और मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में कासिम के साथ उसके दो सहयोगी अनिल तिवारी और मोहम्मद तारिक के शामिल होने की भी जानकारी मिली है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित