कौशांबी , मार्च 7 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक युवक ने कुल्हाड़ी से प्रहार कर अपने बुजुर्ग बाबा की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार रामपुर धमावां गांव निवासी बाबूलाल (70) शनिवार शाम पशुओं के लिए चरी काटने खेत गए थे। इसी दौरान उनका पोता नितिन वहां पहुंचा और कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। मृतक की पत्नी गुलजारा ने बताया कि नितिन पिछले आठ महीने से कोई काम नहीं करता था और कर्ज में डूबा हुआ था। वह अक्सर पैसे के लिए बाबूलाल को परेशान करता था। उन्होंने बताया कि करीब 15 दिन पहले भी नितिन ने बाबूलाल को जहर देकर मारने का प्रयास किया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उपचार के बाद वह स्वस्थ हो गए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित