कौशांबी , फरवरी 5 -- कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र के कानेमई गांव में एक फरवरी की रात दरवाजे पर सो रहे किसान की कुल्हाड़ी से हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कानेमई गांव निवासी गणेश प्रसाद घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे, तभी अज्ञात व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से प्रहार कर उनकी हत्या कर दी थी। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की, जिसमें गांव निवासी आकाश का नाम प्रकाश में आया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आकाश ने हत्या की बात कबूल करते हुए बताया कि कुछ दिन पहले वह मृतक की पुत्री को भगाकर ले गया था, जिस पर गणेश प्रसाद ने उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसी रंजिश में उसने एक फरवरी की रात कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित