कौशांबी , अप्रैल 7 -- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में मोहब्बतपुर पइंसा थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर कार की टक्कर से ई-रिक्शा सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि ई-रिक्शा चालक ग्राम नारा थाना मंझनपुर से करीब 10 सवारियों को लेकर सैनी थाना क्षेत्र के नगियामई गांव वलीमा कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। धाता-सिराथू मार्ग पर बदबदा मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा दो हिस्सों में बंट गया। हादसे में ई-रिक्शा चालक अब्दुल वहीद (55), एकलाख उर्फ चांद (46), आरिस (12), अलीना (8) और सबीना बानो गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित