कौशांबी , अप्रैल 16 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के मंझनपुर तहसील क्षेत्र स्थित पौर गांव में गुरुवार को गेहूं की कटाई के दौरान खेत में लगी आग से आठ बीघा खड़ी फसल जलकर राख हो गई। सूत्रों के अनुसार, पूरब शरीरा गांव निवासी सुधाकर गर्ग की पौर गांव में 14 बीघा कृषि भूमि है, जिसमें गेहूं की फसल बोई गई थी। गुरुवार को हार्वेस्टर मशीन से कटाई के दौरान मशीन से निकली चिंगारी से खेत में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और खेत में तेजी से फैल गई। आसपास के किसान मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए, लेकिन आग बेकाबू होने पर फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में लगभग आठ बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित