कौशांबी , जुलाई 22 -- कौशांबी के जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने बुधवार को राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय, भरसवा का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान गेट प्रवेश पंजिका का अवलोकन किया एवं विद्यालय में तैनात सुरक्षा गार्डों की संख्या की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानाध्यापक पुष्पा चौधरी से विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों एवं छात्राओं की संख्या, अभिभावक-शिक्षक बैठक (पी.टी.एम.) के आयोजन की स्थिति सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि अभिभावकों के साथ नियमित पी.टी.एम. आयोजित की जाए, जिससे विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति एवं समस्याओं पर प्रभावी संवाद स्थापित हो सके।

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान कंप्यूटर लैब तथा भौतिक एवं रसायन विज्ञान प्रयोगशाला कक्ष बंद पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए प्रधानाध्यापक को निर्देशित किया कि प्रयोगशालाओं को तत्काल क्रियाशील किया जाए, विद्यार्थियों को नियमित रूप से कंप्यूटर शिक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा विज्ञान विषयों के प्रायोगिक कार्य कराए जाएं, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं व्यावहारिक शिक्षा मिल सके।

जिलाधिकारी ने छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई-लिखाई की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों से पूछा कि आज विद्यालय में क्या पढ़ाया गया एवं उन्हें कौन-सा विषय सबसे अधिक पसंद है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि मन लगाकर पढ़ाई करने करें।

उन्होंने सीसीटीवी की क्रियाशीलता को अवलोकन करते हुए कहा कि सीसीटीवी की कियाशीलता बनाएं रखी जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित