कौशांबी , मई 23 -- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) सिराथू में एक वर्ग विशेष की छात्राओं पर इस्लामी प्रार्थना करने और उर्दू पढ़ने का दबाव डालने, मानसिक उत्पीड़न करने तथा बाहरी लोगों को बुलाकर छात्राओं से छेड़छाड़ कराने के गंभीर आरोपों के मामले में पुलिस ने शनिवार को दो शिक्षिकाओं समेत तीन नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

सूत्रों के अनुसार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने 16 मई को जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत में कहा गया था कि कॉलेज की सहायक अध्यापिका उर्दू शाइस्ता नूर और जरीना शौकत छात्राओं पर धार्मिक प्रार्थना और उर्दू पढ़ने का दबाव बनाती थीं तथा उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने जांच के लिए टीम गठित की थी। साथ ही उर्दू शिक्षिका शाइस्ता नूर का स्थानांतरण राजकीय माध्यमिक विद्यालय मूरतगंज कर दिया गया।

पुलिस ने शनिवार को आरोपी शिक्षिकाओं शाइस्ता नूर, जरीना शौकत तथा गाजीपुरवा गांव निवासी मोहम्मद इरफान के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली। इसके अलावा कुछ अज्ञात लोगों को भी मुकदमे में शामिल किया गया है। थाना अध्यक्ष त्रिलोकी नाथ पांडे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित