कौशाम्बी , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा घोषित वर्ष 2026 के बोर्ड परीक्षा परिणाम में कौशाम्बी जिले का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है। हाईस्कूल में 87.90 प्रतिशत तथा इंटरमीडिएट में 83.10 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल घोषित हुए हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार हाईस्कूल परीक्षा में कुल 24,209 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 22,619 परीक्षा में शामिल हुए और 19,881 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। जनपद की टॉप-10 सूची में 22 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया, जिनमें सर्वाधिक 9 छात्र धर्मा देवी इंटर कॉलेज केनवार से, 5 छात्र यूएस इंटर कॉलेज सिराथू से तथा अन्य विभिन्न विद्यालयों से शामिल रहे।
धर्मा देवी इंटर कॉलेज केनवार की छात्रा साक्षी मिश्रा ने प्रदेश स्तर पर छठा स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया। हालांकि समग्र प्रदर्शन के आधार पर हाईस्कूल में जनपद को प्रदेश में 61वां स्थान मिला है। इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 21,595 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 20,210 परीक्षा में शामिल हुए और 16,795 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। टॉप-10 सूची में 11 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया, जिनमें धर्मा देवी इंटर कॉलेज के 4 और यूएस इंटर कॉलेज सिराथू के 3 छात्र शामिल हैं।
हालांकि इंटरमीडिएट में इस वर्ष जनपद का कोई भी छात्र प्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान नहीं बना सका, फिर भी समग्र परिणाम के आधार पर कौशाम्बी को प्रदेश में 32वां स्थान प्राप्त हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित