लखनऊ , फरवरी 11 -- उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा है कि वित्त मंत्री सुरेश खन्ना द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और विकसित उत्तर प्रदेश 2047 के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार रोजगारपरक शिक्षा और उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण पर विशेष जोर दे रही है।
मंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने बताया कि व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास के बजट में पिछले वर्ष की तुलना में 88 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए लगभग 3,349 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। इससे आईटीआई और कौशल प्रशिक्षण संस्थानों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने और प्रशिक्षकों की क्षमता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में संचालित 286 राजकीय आईटीआई में करीब 1.90 लाख सीटें उपलब्ध हैं। महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 47 आईटीआई में विशेष महिला शाखाएं और 12 स्वतंत्र महिला आईटीआई संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही 2,963 से अधिक निजी आईटीआई में 4.58 लाख से अधिक प्रशिक्षण सीटें उपलब्ध हैं, जिससे बड़ी संख्या में युवाओं को अवसर मिल रहा है।
मंत्री ने बताया कि उद्योगों के साथ साझेदारी को मजबूत करते हुए टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से 149 राजकीय आईटीआई का आधुनिकीकरण पूरा किया जा चुका है, जबकि 62 अन्य संस्थानों में कार्य जारी है। इसका उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीकों और औद्योगिक जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित