नयी दिल्ली , जून 27 -- कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) के तत्वाधान में तेलंगाना सरकार और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के सहयोग से आयोजित 'कौशल महोत्सव-वारंगल 2026' में तेलंगाना के 1,000 से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं।
कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि वारंगल स्थित काकतीय इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (किट्स) में आयोजित इस एकदिवसीय रोजगार मेले में राज्यभर के युवाओं को उद्योग जगत से जोड़ने के लिए ऑन-द-स्पॉट इंटरव्यू, भर्ती, अप्रेंटिसशिप और करियर मार्गदर्शन की सुविधा उपलब्ध करायी गयी। महोत्सव में 4,500 से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया, जबकि 2,200 से ज्यादा अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया। 90 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, लॉजिस्टिक्स, टेक्सटाइल, रिटेल, स्वास्थ्य, आईटी-आईटीईएस, दूरसंचार, पर्यटन एवं आतिथ्य तथा बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्रदान किए। कार्यक्रम में चयनित न हो पाने वाले अभ्यर्थियों के आवेदन भी संबंधित कंपनियों द्वारा आगे की भर्ती प्रक्रिया के लिए विचाराधीन रहेंगे।
मंत्रालय ने कहा कि कौशल महोत्सव युवाओं को कौशल और रोजगार से सीधे जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल बन चुका है और वारंगल संस्करण की सफलता 'विकसित भारत-2047' के लक्ष्य के अनुरूप कुशल एवं वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी कार्यबल तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उद्योग आधारित कौशल विकास, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा सरकार, उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच साझेदारी को मजबूत करने पर बल दिया।
कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के निदेशक वी. एस. अरविंद ने कहा कि महोत्सव में आए 2,200 से अधिक अभ्यर्थियों में से लगभग 50 प्रतिशत यानी 1,000 से अधिक युवाओं को पहले ही नौकरी के प्रस्ताव मिल चुके हैं, जबकि शेष उम्मीदवारों की भर्ती प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित