पूर्णिया , अक्टूबर 28 -- बिहार के कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र द्विवार्षिक चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार डॉ. एनके यादव ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर विधान परिषद में हैट्रिक लगाई है।
मतगणना के दौरान प्रथम और द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती पूरी होने के बाद घोषित परिणाम में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 11 हजार से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया। इस जीत के साथ ही उन्होंने कोसी स्नातक सीट पर अपना प्रतिनिधित्व बरकरार रखा।
प्रथम वरीयता के मतों की गिनती में डॉ. एनके यादव को 24,528 मत मिले, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार नितेश कुमार को 18,918 और जनसुराज के प्रत्याशी रजनीश रंजन को 15,536 मत प्राप्त हुए। इस चरण में डॉ. यादव 5,610 मतों से आगे थे। हालांकि, प्रथम वरीयता के मतों से जीत का निर्धारित कोटा पूरा नहीं होने के कारण एकल संक्रमणीय मत प्रणाली के तहत द्वितीय वरीयता के मतों की गिनती कराई गई।
द्वितीय वरीयता के मतों की छंटनी और स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद डॉ. एनके यादव की बढ़त 11 हजार से अधिक मतों की हो गई। इसके बाद उन्हें विजयी घोषित किया गया।
परिणाम की औपचारिक घोषणा के बाद निर्वाची पदाधिकारी ने डॉ. एनके यादव को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। लगातार तीसरी बार विधान परिषद पहुंचने के साथ ही उन्होंने कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पकड़ और प्रतिनिधित्व कायम रखा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित