रामनगर 25फरवरी (वार्ता) उत्तराखंड में रामनगर के कोसी बैराज के पास भावनीगंज से बालाजी मंदिर होते हुए आने वाली बायपास रोड पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से लचर दिखाई दे रही है। इस मार्ग पर कोसी बैराज के समीप सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग लंबे समय से टूटी हुई पड़ी है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से आज तक इसकी मरम्मत नहीं करवाई गई है। टूटी रेलिंग के कारण यह मार्ग लगातार दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है और राहगीरों की जान जोखिम में पड़ रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह बायपास रोड काफी व्यस्त मार्ग है, जहां दिनभर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही रहती है, सड़क के किनारे सुरक्षा रेलिंग टूटने से जरा सी चूक होने पर वाहन सीधे नहर में जा गिरते हैं,बीते दो महीनों में ही यहां दो कारें और दो बाइक नहर में गिर चुकी हैं, जिनमें कई लोग घायल भी हुए हैं। सौभाग्य से अब तक कोई बड़ा जानलेवा हादसा नहीं हुआ, लेकिन स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।

ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, टूटी रेलिंग के कारण रात के समय खतरा और अधिक बढ़ जाता है, क्योंकि अंधेरे में वाहन चालकों को किनारे का अंदाजा नहीं लग पाता।

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही रेलिंग की मरम्मत नहीं करवाई गई तो यहां किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल संज्ञान लेते हुए क्षतिग्रस्त रेलिंग को दुरुस्त कराने, चेतावनी संकेतक और रिफ्लेक्टर लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित