शिवपुरी , अप्रैल 14 -- मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के भौंती थाना क्षेत्र में दो चचेरी बहनों द्वारा कोल्ड ड्रिंक समझकर जहरीली दवा पी लेने का मामला सामने आया है। दोनों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय शिवपुरी में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार खुशबू (15) एवं पूनम (16) को जहरीले पदार्थ का सेवन करने के बाद उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती किया गया। परिजनों ने बताया कि परिवार के सदस्य जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने गए हुए थे और दोनों बहनें घर पर अकेली थीं। इसी दौरान घर में रखी एक बोतल में मौजूद जहरीली दवा को उन्होंने कोल्ड ड्रिंक समझकर पी लिया।
दवा पीने के कुछ समय बाद दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टियां सहित अन्य परेशानी होने लगी। सूचना मिलने पर परिजन घर पहुंचे और दोनों को तत्काल जिला अस्पताल शिवपुरी लेकर आए। सूत्रों ने बताया कि दोनों किशोरियां आदिवासी वर्ग से हैं और पिछोर अनुविभाग के ग्राम उदयपुरा, थाना भौंती क्षेत्र की निवासी हैं। फिलहाल दोनों का उपचार जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित