कोलकाता , फरवरी 14 -- पश्चिम बंगाल में नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर शनिवार सुबह शिलांग जाने वाली इंडिगो की उड़ान में बम की धमकी मिलने से अफरा-तफरी मच गयी। सुरक्षा एजेंसियों की जांच में विमान में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला।
हवाई अड्डा के सूत्रों के मुताबिक उड़ान संख्या 6ई-7304, कोलकाता से सुबह 9:15 बजे शिलांग के लिए रवाना होने वाली थी। उड़ान भरने से पहले एयरलाइन के कर्मचारी विमान को शौचालय में हाथ से लिखा नोट मिला, जिसमें दावा किया गया था कि विमान में बम रखा हुआ है।
इस बात की जानकारी मिलने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चेतावनी के बाद विमान को एक अलग जगह पर ले जाया गया और सभी यात्रियों को उतार दिया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की तलाशी शुरू की। हवाई अड्डा के अधिकारियों ने कहा कि यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि विमान में नोट किसने रखा। सूत्रों ने बताया कि सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद उड़ान पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हुई।
गौरतलब है कि इंडिगो के विमान में बम की सूचना की यह पहली घटना नहीं है। जनवरी में ही 222 यात्रियों को ले जा रही इंडिगो की दिल्ली-बागडोगरा उड़ान को उड़ान भरने के बाद बम की धमकी मिली, जिसके बाद उसे लखनऊ में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी, जहाँ तलाशी ली गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित