कोलकाता , जून 28 -- पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के फूलबागान इलाके में बदमाशों ने अपने को अपराध जांच विभाग (सीआईडी) का अधिकारी बताकर एक व्यवसायी को अगवा करके उससे एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी और न देने पर पिटाई कर दी। बदमाशों ने इसके अलावा व्यापारी से 70,000 रुपये की नकदी और सोने की चेन लूट ली और उत्तर 24 परगना में छोड़ दिया।

यह घटना फूलबागान थाना इलाके में हुई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक व्यवसायी उत्तर 24 परगना के बदुरिया का रहने वाला है और आयात-निर्यात का काम करता है। वह अपने दो साथियों के साथ फूलबागान इलाके के एक शॉपिंग मॉल गया था और वहां एक व्यावसायिक बैठक में शामिल हुआ था।

पुलिस ने बताया कि जब व्यवसायी और उसके साथी मॉल से निकल रहे थे, तो कुछ लोगों ने उन्हें रोका और खुद को सीआईडी अधिकारी बताया। आरोपियों ने तलाशी लेने के बहाने व्यवसायी को जबरदस्ती एक काली स्कॉर्पियो गाड़ी में बिठा लिया। जब उसके साथियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उनके साथ भी मारपीट की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित