कोलकाता , नवंबर 02 -- पश्चिम बंगाल को 'ममता-मुक्त' करार देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी पराजय के बाद दोनों नेता लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगते हैं।

कोलकाता के एस्प्लेनेड में आयोजित भाजपा के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री नवीन ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सत्ता गंवाने के बाद सुश्री ममता बनर्जी अब दिल्ली में शिकायतें करने तक सीमित रह गई हैं। उन्होंने इसी तर्ज पर आह्वान किया कि जिस तरह बंगाल 'ममता-मुक्त' हुआ है, उसी तरह दिल्ली को भी 'राहुल-मुक्त' बनाया जाना चाहिए।

श्री नवीन ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और चुनावी प्रक्रिया पर विपक्ष के दावों का जवाब देते हुए सवाल किया कि जीत मिलने पर लोकतंत्र की जीत और हारने पर लोकतंत्र को खतरा क्यों बताया जाता है। उन्होंने तमिलनाडु और केरल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी चुनाव से पहले एसआईआर प्रक्रिया हुई थी, लेकिन जीत मिलने पर विपक्ष ने प्रणाली पर कोई सवाल नहीं उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री गांधी और सुश्री बनर्जी चुनावी मुद्दों पर दोहरा रवैया अपना रहे हैं।

रैली को संबोधित करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि 'एसआईआर' का वास्तविक अर्थ 'घुसपैठियों को हटाना' है और अवैध घुसपैठियों का निष्कासन भाजपा सरकार का मुख्य एजेंडा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में हुए राजनीतिक परिवर्तन के बाद लोग शांतिपूर्ण माहौल में दुर्गा पूजा और अन्य धार्मिक उत्सव मना पा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित