कोलकाता , जून 02 -- दक्षिण कोलकाता के तारातला फ्लाईओवर पर मंगलवार सुबह एलपीजी से लदे एक ट्रक से गैस लीक होने के बाद यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया जिसके बाद पुलिस एवं अग्निशमन विभाग ने तुरंत कार्रवाई की।
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सुबह करीब आठ बजे घटी जब कल्याणी से पायलान स्थित एक पेट्रोल पंप पर एलपीजी सिलेंडर भरवाने के लिए एक ट्रक फ्लाईओवर पार कर रहा था। प्रारंभिक जांच से पता चलता कि एक सिलेंडर का वाल्व ढीला हो गया जिससे गैस लीक होकर आसपास के इलाके में फैल गई।
पुलिस ने एहतियात बरतते हुए तुरंत फ्लाईओवर पर वाहनों की आवाजाही रोक दी और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यातायात को डायवर्ट कर दिया। इस अस्थायी बंद के कारण सुबह के व्यस्त समय में डायमंड हार्बर रोड और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक जाम हो गया। रिसाव की सूचना मिलते ही दमकल गाड़ियां और पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। दमकल अधिकारियों ने कुछ ही समय में स्थिति को नियंत्रण में कर लिया और प्रभावित सिलेंडर को सुरक्षित कर लिया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "ट्रक पर लदे सिलेंडरों में से एक से गैस का रिसाव पाया गया। तत्काल आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए और स्थिति को नियंत्रित किया गया। किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान होने की कोई खबर नहीं है।"प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन के आसपास गैस का बादल दिखाई दे रहा था जिससे यात्रियों में चिंता फैल गई। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को संदेह है कि ट्रक के चलने के दौरान कंपन या झटकों के कारण रिसाव हुआ होगा। आपातकालीन कर्मियों द्वारा गहन सुरक्षा मूल्यांकन के बाद फ्लाईओवर पर यातायात बहाल कर दिया गया।
अधिकारियों ने पुष्टि किया कि किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है और अस्थायी यातायात जाम के अलावा कोई बड़ी बाधा उत्पन्न नहीं हुई और समस्या का समाधान कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित