कोलकाता , दिसंबर 25 -- पश्चिम बंगाल के कोलकाता में गुरुवार को अचानक न्यूनतम तापमान में 13.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के बाद ठंड बढ़ गयी। यह मौसम का अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा।
आज दिन की शुरुआत में लोग स्वेटर और जैकेट पहनकर बाहर निकले और प्राणि उद्यान, इको पार्क और साइंस सिटी जैसी मशहूर जगहों पर जाकर ठंडे मौसम में क्रिसमस त्योहार का आनंद लिया।
सुबह-सुबह सेंट्रल कोलकाता के मैदान और अलीपुर इलाके के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा।
भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों में तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस और गिर सकता है। इस वजह से साल के आखिर में छुट्टियों के मौसम में भी ठंड जारी रहने के आसार हैं, जिससे पूरे राज्य में सर्दी बनी रहेगी।
मौसम विभाग ने पहले ही क्रिसमस के बाद से पश्चिम बंगाल में तापमान में गिरावट और उत्तर से तेज़ हवाएं चलने का अनुमान जताया था।
कोलकाता में आज का न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री कम था। बुधवार को अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस था, जो मौसम के औसत से लगभग दो डिग्री कम था।
मौसम विज्ञानियों ने कहा है कि अगले तीन दिनों में दक्षिण बंगाल में तापमान स्थिर होने से पहले और गिर सकता है। अगले चार दिनों में कोई बड़ा उतार-चढ़ाव होने की उम्मीद नहीं है। पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं, हालांकि सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा।
दक्षिण बंगाल में पुरुलिया, पश्चिम बर्धमान और बीरभूम में कोहरे का असर सबसे ज़्यादा था, जहां घने कोहरे के लिए 'येलो' चेतावनी जारी की गयी थी। कुछ इलाकों में दृश्यता 50 से 200 मीटर के बीच गिर सकती है। कोलकाता और दूसरे दक्षिणी जिलों में भी हल्के से मध्यम कोहरे की सूचना मिली।
विभाग के अनुसार उत्तर बंगाल भी कोहरे की चपेट में रहा। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूच बिहार और नॉर्थ दिनाजपुर में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गयी है।
दक्षिण बंगाल में श्रीनिकेतन 8.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा, इसके बाद सूरी नौ डिग्री, बांकुरा 9.1 डिग्री, बर्दवान 10 डिग्री और आसनसोल 10.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। उत्तर बंगाल में, दार्जिलिंग 4.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित