कोलकाता , मार्च 26 -- दक्षिण कोलकाता में बुधवार देर रात तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक कार्यकर्ता की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी और एक अन्य युवक घायल हो गया।
पुलिस ने आज यह जानकारी दी। यह घटना बाघजतिन पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत पूर्वी फूलबागान में आधी रात के आसपास हुई। घटना का पता तब चला जब स्थानीय निवासियों ने एक रिहायशी इमारत की छत से कम से कम तीन राउंड गोलियां चलने की आवाज सुनी और दौड़कर छत पर पहुंचे तो उन्होंने राहुल डे को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा पाया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रुप से घायल युवक की पहचान जीत मुखोपाध्याय के रूप में हुई है। वह अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही, पटुली पुलिस थाने से पुलिस का एक बड़ा दस्ता मौके पर पहुंचा। लालबाजार होमिसाइड विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जीत मुखोपाध्याय के बुलाने पर राहुल रात में उसके फ्लैट पर गया था।
निवासियों ने दावा किया कि रात 12:30 बजे के कुछ ही देर बाद छत से कई गोलियां चलने की आवाजें सुनाई दीं, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। जांचकर्ताओं ने स्थानीय निवासियों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटनाक्रम को समझने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं।
जीत मुखोपाध्याय की पत्नी से भी पूछताछ की गई है। बताया जा रहा है कि उन्होंने पुलिस को बताया कि देर रात कई अज्ञात लोग उनके फ्लैट में घुस आए और अंधाधुंध गोलियां चलाईं। उन्होंने दावा किया कि वह हमलावरों में से किसी को भी नहीं पहचानतीं। पुलिस को यह भी पता चला है कि राहुल और जीत लंबे समय से एक-दूसरे के संपर्क में नहीं थे, जिससे उन परिस्थितियों पर संदेह गहरा गया है जिनके तहत राहुल को फ्लैट पर बुलाया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित