कोलकाता , फरवरी 24 -- पश्चिम बंगाल के कोलकाता में कल देर रात हुई गोलीबारी की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को एसएसकेएम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।लालबाजार के सूत्रों के मुताबिक यह घटना सोमवार शाम को बेनियापुकुर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में स्थानीय युवकों के एक समूह और एक दूसरे युवक के बीच हुए झगड़े के बाद हुयी।
बताया जा रहा है कि आधी रात के आसपास, हमलावर ने कथित तौर पर मोहम्मद नियाज़ उर्फ राजा (23) को निशाना बनाकर गोलीबारी की। युवक के पैर में दो गोलियां लगीं जिससे वह मौके पर ही गिर गया।
स्थानीय लोग उसकी मदद के लिए दौड़े और उसे तुरंत हॉस्पिटल ले गए जहां उसे आपातकालीन सेवा में भर्ती कराया गया।
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि घायल युवक तिलजला रोड इलाके का रहने वाला है और कल रात को उसके घर के पास ही उस पर हमला हुआ। फायरिंग की घटना से इलाके के लोग डर गए हैं, और कई लोगों ने इलाके में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित