कोलकाता , अक्टूबर 30 -- पश्चिम बंगाल में दक्षिण कोलकाता के साउथ सिटी आवासीय परिसर में शुक्रवार सुबह टॉवर-तीन की 27वीं मंजिल पर आग लग गयी, जिससे वहां के निवासियों के बीच अफरा-तफरी मच गयी और उन्हें आपातकालीन स्थिति में बाहर निकालना पड़ा।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल की सात गाड़ियां वहां पहुंची। आग सबसे पहले 30 मंजिला इमारत की 27वीं मंजिल पर, नौकरों के क्वार्टर के पास देखी गयी। इसी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को तुरंत दी गयी।
ऐहतियात के तौर पर इमारत की बिजली आपूर्ति काट दी गयी , जिससे लिफ्ट ने काम करना बंद कर दिया और बच्चों एवं बुजुर्गों सहित सभी निवासियों को सीढ़ियों के रास्ते इमारत से बाहर निकलना पड़ा। लोगों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया क्योंकि ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोग घबराहट और अफरा-तफरी के बीच नीचे की ओर भागे। आग बुझाने के लिए 27वीं मंजिल तक पहुंचने में दमकल कर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी , हालांकि आग को काबू में कर लिया गया है लेकिन इसे पूरी तरह से बुझाने के लिए अग्निशमन अभियान अभी भी जारी है। आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है लेकिन शॉर्ट सर्किट होने का संदेह है। नुकसान कितना हुआ है, इसका भी अभी तुरंत पता नहीं चल सका है।
साउथ सिटी रेजिडेंट्स एसोसिएशन के महासचिव देबाशीष बसु ने बताया, "टावर-तीन में आग लगी। निवासियों को वहां से निकाल लिया गया है। जादवपुर पुलिस स्टेशन की पुलिस और दमकल विभाग मौके पर मौजूद हैं।" साउथ सिटी में चार आवासीय टावर हैं।
इस घटना से पूरे परिसर में बहुत घबराहट फैल गयी जबकि आपातकालीन कर्मी निवासियों को सुरक्षित बाहर निकालने और स्थिति को नियंत्रण में लाने के काम में जुट गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित