कोलकाता , अगस्त 22 -- पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में पुलिस ने न्यू टाउन इलाके में चोरी की गयी सात महंगी मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में दो केटीएम ड्यूक, दो यामाहा आर15एस और तीन बजाज मोटरसाइकिलें शामिल हैं।
पुलिस ने इस मामले में पहले से हिरासत में लिए गए 19 वर्षीय युवक से पूछताछ के बाद यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को टेक्नोसिटी थाना क्षेत्र के स्ट्रीट नंबर 824 स्थित टैंक नंबर 21 के पास मजदूरों की झोपड़ियों के निकट एक सुनसान स्थान पर छापेमारी कर ये मोटरसाइकिलें बरामद की गयीं।
यह कार्रवाई उत्तर 24 परगना जिले के काकुरिया निवासी गौरव गोलदार (19) से पूछताछ के बाद की गयी। गौरव जून में टेक्नोसिटी थाने में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में पहले से पुलिस हिरासत में है। पुलिस ने बताया कि उसकी निशानदेही पर सात मोटरसाइकिलें बरामद की गयीं और नियमानुसार जब्त कर ली गयीं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को टेक्नोसिटी थाने के उपनिरीक्षक संतु दास की ओर से स्वत: संज्ञान लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 317(2), 317(4) और 317(5) के तहत नया मामला दर्ज किया गया।
जांचकर्ताओं को गौरव के मोटरसाइकिल चोरी, चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त तथा चोरी के वाहनों को छिपाने में शामिल होने का संदेह है। पुलिस बरामद मोटरसाइकिलों की अन्य चोरी के मामलों से संबंध होने की भी जांच कर रही है और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित