कोलकाता , नवंबर 09 -- पश्चिम बंगाल में उत्तर 24 परगना जिले के दक्षिण दमदम के नागेरबाजार स्थित एक छात्रावास में रविवार को काली पूजा की रात अभिजीत सरकार नामक डॉक्टर का शव मिला।

शव को पोस्टमार्टम के लिए आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार शाम शव को परिजनों को सौंप दिया गया। शुरुआती जांच में शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मौत का कारण पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जरूरत है।

बैरकपुर पुलिस आयुक्तालय के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "यह हत्या का मामला है या आत्महत्या का, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।"श्री सरकार एनआरएस मेडिकल कॉलेज में कार्यरत थे। रविवार रात करीब 10 बजे छात्रावास में रहने वाले अन्य लोगों ने उनका शव देखा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, श्री सरकार के शरीर पर खरोंच के निशान पाए गए हैं। सूत्रों ने यह भी बताया कि शव मिलने से पहले छात्रावास के कमरे से कथित तौर पर चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई दी थीं। जांचकर्ता इस बात का पता लगाने की कोशिश कर सकते हैं कि आवाजें सुनाई देने के बाद कोई उस कमरे के पास पहुंचा था या नहीं। पुलिस छात्रावास में रहने वाले अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित