कोलकाता , जुलाई 30 -- पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के पॉश इलाके सॉल्ट लेक में गुरुवार को एक बुजुर्ग दंपत्ति अपने घर में मृत पाये गये।

पुलिस ने दंपत्ति की पहचान 64 वर्षीय सजल कुमार कुंडू और उनकी 61 वर्षीय पत्नी रंजना के रूप में की है। पुलिस ने बताया कि दंपत्ति का बेटा सिद्धार्थ कुंडू, बुधवार को अपनी पत्नी के साथ उल्टाडांगा में अपने ससुराल गया था। उसने उस रात लगभग 10 बजे अपने माता-पिता से आखिरी बार बात की थी।

जब गुरुवार सुबह कई बार कॉल करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला और उनके दोनों फोन स्विच ऑफ पाये गये, तो उसने एक पड़ोसी से उनका हाल-चाल लेने को कहा। पड़ोसी ने घर पर आवाज़ दी लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद उसने स्थानीय निवासियों, बेटे और पुलिस को सूचित किया।

पुलिस की एक टीम घर पहुंची और बेडरूम का दरवाज़ा खोला गया तो वहां दंपत्ति बिस्तर पर मृत पाये गये।

बिधाननगर कमिश्नरेट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, " कमरे से एक बोतल मिली है जो चूहे मारने की दवा वाली बोतल जैसी दिखती है। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हमने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया है।"पुलिस ने कहा कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा। सॉल्ट लेक में कई बुजुर्ग निवासी रहते हैं। कई घरों में वे अकेले रहते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित