बोगोटा , मार्च 23 -- कोलंबिया में दक्षिणी हिस्से में पेरू की सीमा के पास वायु सेना का एक विमान सोमवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसके कारण 80 सैनिकों की मौत होने आशंका है।

बीबीसी ने कोलंबिया के सैन्य अधिकारियों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में बताया कि दुर्घटना के समय विमान में लगभग 80 सैनिक सवार थे। दुर्घटनाग्रस्त विमान सैनिकों को लाने-ले जाने के लिए इस्तेमाल होने वाला एक हरक्यूलिस विमान था। यह पुटुमायो प्रांत के प्यूर्टो लेगुइज़ामो शहर के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ। इलाके में बचाव दल को रवाना कर दिया गया है।

कोलंबिया के रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज़ ने कहा, "विमान प्यूर्टो लेगुइज़ामो से उड़ान भरते समय दुर्घटना का शिकार हो गया। यह हमारी सुरक्षा बलों के सैनिकों को ले जा रहा था।"उन्होंने कहा कि पीड़ितों की सटीक संख्या का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने इस घटना को देश के लिए बेहद दुखद बताया।

स्थानीय मीडिया द्वारा साझा की गयी तस्वीरों में दुर्घटनास्थल से धुएं का गुबार उठता हुआ और सैनिकों को ले जा रहे ट्रक उस इलाके की ओर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित