बोगोटा , मई 05 -- कोलंबिया में सुताताउसा नगरपालिका स्थित 'ला सिस्कुडा' खदान में हुए हादसे में नौ लोगों की मौत हो गयी है। नेशनल माइनिंग एजेंसी (एएनएम) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एजेंसी ने पुष्टि की है कि इस घटना में नौ लोगों की मौत हो गयी और छह खनिकों को जीवित बचा लिया गया। घायल श्रमिकों का एक क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार चल रहा है।

क्षेत्रीय अधिकारियों ने बताया कि 18 श्रमिक जमीन के नीचे थे और उसी दौरान यह हादसा हाे गया। इनमें से तीन खुद ही सतह पर आने में सफल रहे।

एएनएम के अनुसार, यह घटना खदान के भीतर हुए विस्फोट के कारण हुई। इस खदान का संचालन 'कार्बोनेरस लॉस पिनोस एसएएस' करता है। एजेंसी ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और कहा है कि हादसे के समय से ही वह बचाव और राहत कार्यों का समन्वय कर रही है।

एएनएम ने यह भी बताया कि नौ अप्रैल को घटनास्थल पर तकनीकी निरीक्षण किया गया था, जिसके बाद कंपनी को सुरक्षा संबंधी सिफारिशें जारी की गयी थीं। इनमें कोयले की धूल की उपस्थिति के कारण 'अक्रिय प्रणालियों' (इनर्टिंग सिस्टम) को मजबूत करना, मीथेन उत्सर्जन वाले छोड़े गये हिस्सों को सील करना और खदान धंसने व विस्फोट के जोखिमों को दूर करना शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित