मुंबई , सितंबर 01 -- ोरियाई बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन के बाद कोरिया की अब तक की सबसे महत्वाकांक्षी और महंगी फिल्मों में शामिल साइंस-फिक्शन एक्शन थ्रिलर 'होप' 25 सितंबर 2026 को भारत में रिलीज होगी। चर्चित फिल्मकार ना होंग-जिन के निर्देशन में बनी यह फिल्म स्टार एंटरटेनमेंट द्वारा देशभर में अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगु और कोरियाई भाषाओं में प्रदर्शित की जाएगी।क्रिएचर-सर्वाइवल एक्शन, साइंस-फिक्शन, सस्पेंस और हाई-ऑक्टेन थ्रिल के मेल से तैयार 'होप' को बड़े पर्दे के अनुभव को ध्यान में रखकर बनाया गया है। प्लस एम एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत तथा फोर्ज्ड फिल्म्स की प्लस एम एंटरटेनमेंट और वेस्टवर्ल्ड के साथ सह-निर्मित यह फिल्म ना होंग-जिन की करीब एक दशक बाद फीचर फिल्म निर्माण में वापसी है।

फिल्म में कोरियाई और हॉलीवुड के कलाकारों की शानदार टोली नजर आएगी। इसमें ह्वांग जंग-मिन, जो इन-सुंग और होयोन के साथ टेलर रसेल, कैमरून ब्रिटन, एलिसिया विकेंडर और माइकल फासबेंडर प्रमुख भूमिकाओं में हैं।

'होप' दक्षिण कोरिया में एक बड़े सिनेमाई इवेंट के रूप में अपनी पहचान बना चुकी है। फिल्म ने रिलीज के समय 2026 में दक्षिण कोरिया में किसी फिल्म के लिए सबसे बड़ी ओपनिंग दर्ज की और पहले दिन 3.30 लाख से अधिक दर्शकों को सिनेमाघरों तक पहुंचाया। फिल्म को दुनिया भर में 200 से अधिक क्षेत्रों में वितरण हासिल हुआ है और इसने कोरियाई फिल्म इतिहास में सबसे अधिक विदेशी प्री-सेल का रिकॉर्ड भी बनाया है।

फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण पहचान मिली है। 'होप' का प्रीमियर 79वें कान फिल्म महोत्सव के प्रतियोगिता खंड में हुआ, जहां यह प्रतिष्ठित पाल्मे डी'ओर की दौड़ में शामिल हुई। इसके साथ ही ना होंग-जिन लगातार चौथी बार अपनी फिल्म को कान के प्रतियोगिता खंड तक ले जाने वाले निर्देशक बने। इससे पहले उनकी 'द चेज़र', 'द येलो सी' और 'द वेलिंग' का भी कान में चयन हो चुका है।

कान प्रीमियर के बाद फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी काफी चर्चा मिली। इसकी महत्वाकांक्षी भव्यता, अलग-अलग शैलियों के मेल और विशिष्ट दृश्य संसार की सराहना की गई। कोरियाई फिल्म निर्माण की संवेदनशीलता, हॉलीवुड सितारों की मौजूदगी और क्रिएचर-सर्वाइवल एक्शन का संयोजन इसे भाषा और संस्कृति की सीमाओं से आगे ले जाने वाला सिनेमाई अनुभव बनाता है।

फिल्म के लेखक-निर्देशक ना होंग-जिन ने कहा, "मैंने 'होप' के जरिए एक अनजान जीव से सामना होने के मूल भय से शुरुआत करते हुए इसे अस्तित्व, मानवीय प्रवृत्ति और डर के परिणामों की कहानी में विस्तार देने की कोशिश की है। हम चाहते थे कि फिल्म की दुनिया तत्काल और अप्रत्याशित महसूस हो तथा दर्शकों को एक बड़े सिनेमाई अनुभव का एहसास भी हो। मैं उत्साहित हूं कि भारतीय दर्शक इस दुनिया को बड़े पर्दे पर देखेंगे।"भारत में रिलीज को लेकर स्टार एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जितेन हेमदेव ने कहा, "हम ना होंग-जिन की 'होप' को भारतीय दर्शकों के बीच लाने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। फिल्म ने दक्षिण कोरिया और अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में पहले ही काफी उत्साह पैदा किया है। साइंस-फिक्शन, रहस्य, रोमांच और एक्शन का अनोखा मेल तथा कोरियाई और अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की शानदार मौजूदगी इसे बड़े पर्दे पर देखने लायक अनुभव बनाती है। पांच भाषाओं में रिलीज के साथ हमारा प्रयास है कि इस महत्वाकांक्षी और चर्चित फिल्म को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाया जा सके।"'होप' की कहानी डिमिलिटराइज्ड जोन के निकट स्थित एक सुदूर गांव होप हार्बर की है। कहानी की शुरुआत इलाके में एक रहस्यमयी बाघ के दिखाई देने की खबर से होती है। शुरुआत में यह एक असाधारण घटना लगती है, लेकिन जल्द ही पूरा गांव अराजकता की चपेट में आ जाता है। इसके बाद पुलिस चौकी के प्रभारी बम-सियोक को ऐसी वास्तविकता का सामना करना पड़ता है, जिसकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की थी।

दक्षिण कोरिया में सफल प्रदर्शन, रिकॉर्ड अंतरराष्ट्रीय प्री-सेल, कान फिल्म महोत्सव के प्रतियोगिता खंड में चयन और कोरियाई तथा हॉलीवुड सितारों से सजी स्टारकास्ट के साथ 'होप' 25 सितंबर को भारतीय दर्शकों के लिए बड़े पैमाने की एक अलग तरह की साइंस-फिक्शन एक्शन फिल्म के रूप में दस्तक देने के लिए तैयार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित