अलवर , मई 18 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र में आशियाना तरंग सोसाइटी के बी-ब्लॉक में कोरियरकर्मी बनकर आया एक बदमाश महिला और उसके बच्चों को चाकू की नोक पर बंधक बनाकर लाखों रुपये की नकदी, जेवरात और मोबाइल फोन लूटकर ले गया।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि फ्लैट में गेल इंडिया में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत शुभम सक्सेना पत्नी अपूर्व सक्सेना और दो वर्ष के पुत्र के साथ रहते हैं। रोजाना की तरह शुभम सुबह करीब नौ बजे अपनी ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। उनके जाने के कुछ ही देर बाद एक अज्ञात बदमाश उनके फ्लैट के बाहर पहुंचा और दरवाजे की घंटी बजाई घर में अकेली मौजूद अपूर्व सक्सेना को लगा कि शायद कोई कोरियर देने आया है। उन्होंने बिना किसी शक के जैसे ही दरवाजा खोला, बदमाश जबरन घर के अंदर घुस गया। अंदर आते ही उसने सबसे पहले अपूर्व के बच्चे को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बताया कि बदमाश ने बच्चे की गर्दन पर चाकू अड़ा दिया और महिला को शोर मचाने पर बच्चे को जान से मारने की धमकी दी। मासूम की जान खतरे में देख मां बुरी तरह सहम गयी और चुपचाप खड़ी रही। बच्चे को बंधक बनाकर बदमाश ने अलमारी की चाबी मांगी और उसमें रखे सोने के कड़े, 70 हजार रुपये कैश और एक मोबाइल फोन लूट लिया। इसी घटना के दौरान लूटपाट के बीच किस्मत से एक असली कोरियर बॉय भी वहां पार्सल देने पहुंचा। लेकिन शातिर बदमाश खुद दरवाजे पर आया, उससे पार्सल लिया और उसे रवाना कर दिया। बाहर खड़े कोरियर बॉय को भनक तक नहीं लगी कि अंदर एक मां-बच्चे की जान आफत में है और घर में लूट हो रही है वारदात को अंजाम देकर बदमाश आसानी से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही भिवाड़ी के पुलिस अधीक्षक सहित स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक ब्रजेश उपाध्याय भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरी जांच की कमान अपने हाथों में संभाल ली। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर केसीसीटीवी फुटेज खंगाले और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित