रायपुर , अप्रैल 21 -- रेलवे प्रशासन ने ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए कोरबा से यलहंका (बेंगलुरु) और यलहंका से कोरबा के बीच एक-एक फेरे के लिए समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इससे यात्रियों को कंफर्म बर्थ के साथ सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 08261 कोरबा-यलहंका समर स्पेशल ट्रेन दो मई को कोरबा से प्रातः नौ बजे रवाना होगी और विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से होते हुए अगले दिन शाम सात बजे यलहंका पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 08262 यलहंका-कोरबा समर स्पेशल ट्रेन तीन मई को यलहंका से रात नौ बजे प्रस्थान कर तीसरे दिन सुबह आठ बजे कोरबा पहुंचेगी।

इस विशेष ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें दो एसएलआरडी, चार सामान्य, 10 स्लीपर और चार एसी-III कोच शामिल हैं।

ट्रेन का ठहराव चांपा, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, गोंदिया, बल्लारशाह, काजीपेट, सिकंदराबाद, रायचूर, गुंटकल, अनंतपुर, धर्मवरम सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर दिया गया है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले समय-सारिणी और ठहराव की विस्तृत जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर अवश्य जांच लें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित