कोरबा , जून 15 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में सोमवार को 36 करोड़ 73 लाख रुपये की लागत वाली जलप्रदाय योजना विस्तार परियोजना का भूमिपूजन किया गया।

वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर संजूदेवी राजपूत ने इमलीडुग्गू गौमाता चौक में आयोजित कार्यक्रम में परियोजना का शुभारंभ किया।

जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से स्वीकृत इस परियोजना के तहत 20 एमएलडी क्षमता का जल उपचार संयंत्र स्थापित किया जाएगा। साथ ही इमलीडुग्गू में 12.60 लाख लीटर, दादरखुर्द में 22.50 लाख लीटर तथा रूमगरा में 10.80 लाख लीटर क्षमता के उच्च स्तरीय जलागारों का निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 15.3 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन भी बिछाई जाएगी।

परियोजना पूरी होने पर इमलीडुग्गू मोतीसागरपारा, भिलाईखुर्द, बरबसपुर, कर्रानाला, मानिकपुर, रूमगरा, ढेलवाडीह, खरमोरा, दादरखुर्द और बेलगिरी बस्ती सहित कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बेहतर होगी। विशेष रूप से उन बस्तियों को राहत मिलेगी जहां कम दबाव के कारण जलापूर्ति प्रभावित रहती थी। योजना से नगर निगम क्षेत्र की लगभग 60 हजार आबादी लाभान्वित होगी।

इस अवसर पर श्री देवांगन ने कहा कि जिला खनिज न्यास निधि के माध्यम से जिलों में बड़े पैमाने पर विकास कार्य संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा प्रत्येक परिवार तक आवास, बिजली, शौचालय और स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने की है, जिसके अनुरूप विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि योजना के पूर्ण होने के बाद जल संकट से जूझ रहे क्षेत्रों में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा और नागरिकों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से कोरबा में विकास कार्यों को गति मिल रही है।

कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जलप्रदाय योजना विस्तार का यह कार्य नगर की पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, भाजपा पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित