कोरबा , अप्रैल 03 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कल रात स्कॉर्पियो और ट्रेलर की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह हादसा उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत तरदा भारतमाला मार्ग पर हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो में सवार लोग वाहन में बुरी तरह फंस गए, जिन्हें गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया गया।

मृतक की पहचान 27 वर्षीय अरुण कुमार यादव के रूप में हुई है, जो झारखंड के गढ़वा जिले के सुनई गांव का निवासी था। वहीं घायलों में 26 वर्षीय चंद्र प्रकाश यादव (रायपुर निवासी) और 30 वर्षीय नागेंद्र साहू (सेमरा, धमतरी निवासी) शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि तीनों एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और कंपनी के काम से रायपुर से कोरबा आ रहे थे। इसी दौरान तरदा के पास उनकी स्कॉर्पियो की ट्रेलर से भिड़ंत हो गई।

उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन झारखंड से कोरबा के लिए रवाना हो गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित