कोरबा, मई 10 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एसईसीएल की कुसमुंडा परियोजना के सीएमपीएफ विभाग में पदस्थ एक क्लर्क को सीबीआई ने कथित रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

सीएमपीएफ विभाग में कार्यरत मनोहर लाल कौशिक ने एक खदान कर्मी से उसके भविष्य निधि (पीएफ) की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। आरोप है कि संबंधित कर्मी को कई दिनों तक कार्यालय के चक्कर लगवाए गए और बाद में काम कराने के लिए रिश्वत मांगी गई।

पीड़ित कर्मी ने इसकी शिकायत सीबीआई की भिलाई इकाई से की। शिकायत के सत्यापन के बाद सीबीआई की टीम योजनाबद्ध तरीके से कुसमुंडा पहुंची और आरोपी क्लर्क को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान सीबीआई की टीम दो वाहनों में पहुंची थी। गिरफ्तारी की कार्रवाई के बाद विभागीय कार्यालय में हड़कंप और सन्नाटा छा गया।

सीबीआई की टीम आरोपी से पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित