कोरबा, 06 अप्रैल 6 ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सरपंच द्वारा कथित पीटे जाने से घायल हुए अस्पताल कर्मचारी की उपचार के दौरान सोमवार को मौत हो गयी। इस घटना से परिजनों और अस्पताल कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया है। घटना के विरोध में कर्मचारियों ने पोस्टमार्टम (पीएम) कक्ष पर ताला जड़ दिया है और कार्य का बहिष्कार कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 मार्च को मेडिकल कॉलेज अस्पताल के शवगृह में यह घटना सामने आई थी। एक युवक की कुएं में गिरने से मौत के बाद उसका शव पोस्टमार्टम के लिए लाया गया था। इसी दौरान संबंधित गांव का सरपंच जयवीर सिंह ठाकुर, निवासी बेन्द्रकोना, अस्पताल पहुंचा और कर्मचारियों पर तत्काल पोस्टमार्टम करने का दबाव बनाने लगा।
बताया जाता है कि ड्यूटी पर तैनात बुजुर्ग कर्मचारी जी बाल कृष्ण चनईया ने अन्य कार्य में व्यस्तता के कारण कुछ समय इंतजार करने की बात कही, जिससे नाराज होकर सरपंच ने उनके साथ मारपीट की और कथित रूप से उनका सिर दीवार में पटक दिया। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की बड़ी बेटी लक्ष्मी ने आरोप लगाया है कि उनके पिता के साथ ड्यूटी के दौरान बेरहमी से मारपीट की गई, जिसके कारण उनकी जान चली गई। परिजनों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
घटना के बाद अस्पताल के पोस्टमार्टम करने वाले कर्मचारियों ने भी एकजुट होकर पीएम कक्ष और मुख्य गेट पर ताला लगा दिया है। इसके चलते अन्य शवों का भी पोस्टमार्टम नहीं हो पा रहा है और अस्पताल में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
जिला मेडिकल कॉलेज के संयुक्त संचालक गोपाल कंवर ने बताया कि घटना की सूचना उसी दिन पुलिस को दे दी गई थी और मामला दर्ज कर लिया गया है। परिजनों से बातचीत की जा रही है।
वहीं, कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पूरे मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने की वजह से पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। परिजन और कर्मचारी न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित