कोरबा , अप्रैल 04 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में युवक और एक शिक्षक की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों ही हादसे अंधेरी सड़कों और स्ट्रीट लाइटों के अभाव के कारण होने की बात सामने आई है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पहली घटना सीताराम चौक चकचकवा पहाड़ के पास हुई, जहां ऐतमानगर निवासी 25 वर्षीय शिपाल पोर्ते मोटरसाइकिल से ग्राम सिंघिया से वापस लौट रहा था। मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें बंद होने और सड़क पर पड़े मुरूम के ढेर के कारण वह उसे देख नहीं पाया और मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पलट गई। सिर में गंभीर चोट लगने से अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

दूसरी घटना तानाखार बरपाली के पास हुई, जहां पोड़ी उपरोड़ा में पदस्थ शिक्षक जय पांडेय अपनी कार से कटघोरा से वापस लौट रहे थे। अंधेरे के कारण उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। राहगीरों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा लाया गया, जहां से गंभीर स्थिति में उन्हें कोरबा रेफर किया गया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कटघोरा से चंदनपुर और चकचकवा पहाड़ तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्ट्रीट लाइटें तो लगाई गई हैं, लेकिन लंबे समय से बंद पड़ी हैं। इस संबंध में पूर्व में कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, बावजूद इसके कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

घटनाओं के बाद क्षेत्र में प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

इधर, दोनों मामलों में कटघोरा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित