कोरबा , जुलाई 10 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र में लापता दो वर्षीय बालक का शव शुक्रवार सुबह डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे मिलने से क्षेत्र में शोक व्याप्त हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बच्चे की पानी में डूबने से मौत होने की आशंका जताई गई है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान केशव के रूप में हुई है, जो गुरुवार से लापता था। रामपुर बस्ती निवासी दिनेश कुमार और उनकी पत्नी अपने बेटे की लगातार तलाश कर रहे थे। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने डेंगूनाला पुल के नीचे नदी किनारे एक बच्चे का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान केशव के रूप में की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, केशव अपने माता-पिता के साथ मजदूरी के लिए लालघाट गया था। बताया गया कि नाला पार करने के बाद परिवार डेंगूनाला के समीप एक पेड़ के नीचे रुका था। इस दौरान पिता आगे निकल गए, जबकि मां पेड़ के नीचे बैठकर बच्चे को दूध पिला रही थी। इसी बीच मां को नींद आ गई और जागने पर बच्चा वहां नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित