कोरबा , मार्च 12 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने बड़ा अभियान चलाते हुए गुरुवार को बुधवारी बाजार क्षेत्र के आसपास सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराया।
निगम की टीम ने बुधवारी बाजार के दोनों ओर वीआईपी रोड और घंटाघर रोड किनारे वर्षों से लगे ठेले-गुमटी हटवाए, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में सुधार और लोगों को काफी राहत मिली है।
नगर निगम द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण और शहर के सौंदर्याकरण को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई। निगम आयुक्त के नेतृत्व में सीएसईबी चौक से बुधवारी बाजार होते हुए वीआईपी रोड, आईटीआई चौक, कोसाबाड़ी चौक से घंटाघर और महाराणा प्रताप चौक तक के हिस्से को व्यवस्थित करने का काम किया जा रहा है।
बुधवारी बाजार के आसपास लंबे समय से सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित हो रहा था। पूर्व में फुटपाथ के किनारे ग्रिल लगाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने का प्रयास किया गया था लेकिन इसके बावजूद कई व्यापारी सड़क किनारे ठेले-गुमटी लगाकर सामान बेच रहे थे। निगम द्वारा हाल ही में बाजार के दोनों ओर बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया गया और इसके बाद अभियान चलाकर सड़क किनारे लगे ठेले-गुमटी हटाए गए।
नगर निगम की सख्ती का असर यह रहा कि पहली बार बुधवारी बाजार के बाहर दोनों ओर सड़कों पर दूसरे दिन भी ठेले-गुमटी नहीं लगे और क्षेत्र अतिक्रमण मुक्त दिखाई दिया। इससे पहले अक्सर अतिक्रमण हटाने के कुछ ही घंटों बाद फिर से ठेले लग जाते थे। अब सड़क चौड़ी दिखाई देने लगी है और जाम, अव्यवस्थित पार्किंग तथा संकरी सड़क की समस्या से लोगों को राहत मिलने लगी है।
अभियान के दौरान हेलीपैड रोड, घंटाघर क्षेत्र और स्कूल-कॉलेज के आसपास भी कार्रवाई की गई। इस दौरान मिनिमता कॉलेज के पास संचालित पान ठेले को कोप्टा एक्ट के तहत हटाया गया।
नगर निगम आयुक्त प्रभाकर पांडे ने कहा, "शहर के हृदय स्थल घंटाघर के आसपास सड़क किनारे अवैध रूप से ठेले-गुमटी और दुकानें लगाई जा रही थीं, जिन्हें हटाने की कार्रवाई की गई है। मिनिमता कॉलेज के पास पान ठेला संचालित हो रहा था, जो कोप्टा एक्ट के तहत आता है, इसलिए उसे भी हटाया गया। जिन लोगों के ठेले हटाए गए हैं उनका नाम-पता दर्ज किया गया है। भविष्य में यदि दुकान आवंटन की प्रक्रिया होती है तो उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।"उन्होंने बताया कि शहर के कुछ स्थान ऐसे हैं जहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होता है। ऐसे स्थानों को चिन्हित कर वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए एस्टीमेट तैयार किया जा चुका है और पुलिस के साथ समन्वय कर व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित