कोरबा , अप्रैल 04 -- ) छत्तीसगढ़ में कोरबा शहर के घंटाघर चौपाटी स्थित एक जूस सेंटर में इस्तेमाल की जा रही बर्फ में मृत मेंढक मिलने से शनिवार हड़कंप मच गया।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भारी आक्रोश है तथा खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जूस तैयार करने के दौरान जब बर्फ को तोड़ा गया, तब उसके अंदर से मृत मेंढक निकल आया। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए और तुरंत आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद लोगों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि यदि बर्फ जैसी मूलभूत खाद्य सामग्री में इस प्रकार की गंदगी पाई जा रही है, तो अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर भी संदेह होना स्वाभाविक है। नागरिकों ने खाद्य एवं नगर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नियमित जांच और निगरानी की मांग की है।
चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा ने बताया कि संबंधित जूस सेंटर द्वारा उपयोग की गयी बर्फ निहारिका क्षेत्र की एक दुकान से लाई गयी थी। उन्होंने बर्फ फैक्ट्री संचालक और आपूर्ति करने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, बर्फ डिपो संचालक डी. गुप्ता ने बताया कि वह विभिन्न फैक्ट्रियों से बर्फ खरीदकर अपने सुभाष चौक स्थित डिपो में रखते हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित बर्फ किस फैक्ट्री से आई थी, इसकी पुष्टि फिलहाल नहीं हो पायी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित