कोरबा, 16 अप्रैल 6 ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गुरुवार को पॉस्को कानून और छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहे एक शिक्षक ने अधिवक्ता भवन की छत से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल शिक्षक ने पुलिस पर उसे छत से धक्का देने का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी शिक्षक संदीप कुमार अग्रवाल के खिलाफ वर्ष 2023 में दो छात्राओं ने छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे। कलेक्ट्रेट जांच के बाद वर्ष 2024 में उसके विरुद्ध पॉस्को कानून और छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद से वह फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
बताया गया है कि गुरुवार को संदीप अग्रवाल न्यायालय परिसर पहुंचा था, जहां उसे पकड़ने के लिए पुलिस भी मौजूद थी। इसी दौरान वह पुलिस से बचने के लिए अधिवक्ता भवन की छत पर चढ़ गया और वहां से नीचे कूद गया।
घायल संदीप अग्रवाल ने आरोप लगाया कि कटघोरा से आए दो पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया और कथित रूप से छत से धक्का दे दिया, जिसके बाद वह नीचे गिर गया। उसने कहा कि घटना के बाद उसे कुछ याद नहीं है।
वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार था और उसकी तलाश की जा रही थी। उन्होंने कहा कि आरोपी का बयान दर्ज किया जाएगा और मामले में नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित