कोरबा , मई 07 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में "सजग कोरबा-सतर्क कोरबा" अभियान के तहत गुरुवार को पुलिस ने 90 से अधिक बदमाशों की परेड कराई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में आयोजित इस परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिलेभर के निगरानी और गुंडा बदमाशों को तलब किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने सभी बदमाशों को सख्त चेतावनी देते हुए अपराध गतिविधियों से दूर रहने और मुख्यधारा से जुड़ने की समझाइश दी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले के थाना तथा चौकी स्तर पर ऐसे तत्वों की लगातार निगरानी की जा रही है। कानून व्यवस्था प्रभावित करने या दोबारा अपराध में संलिप्त पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य जिले में अपराध नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर अंकुश तथा आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित